नक्सल मुक्त बस्तर अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र बस्तर में आज जवानों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने मुठभेड़ में 24 नक्सलियों को मार गिराया है। बता दें कि आज बस्तर के दो अलग-अलग इलाकों में मुठभेड़ हुई है, जिसमें एक डीआरजी जवान भी शहीद हो गया है। फिलहाल सर्चिंग जारी है। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।बीजापुर और कांकेर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में उनतीस माओवादी मारे गए हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर आज सुबह बीजापुर जिले से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी, स्पेशल टास्क फोर्स-एसटीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर गश्त पर निकली थी। इस दौरान गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पच्चीस माओवादी मारे गए, जिनमें से अट्ठारह माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस मुठभेड़ में डीआरजी का एक जवान भी शहीद हुआ है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला बारूद और माओवादी सामग्री बरामद की है।
वहीं, कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी की संयुक्त टीम और माओवादियों के बीच भी आज मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक महिला सहित चार माओवादी मारे गए हैं, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल से जवानों ने आटोमैटिक हथियार सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की है। इलाके में सर्च अभियान बढ़ा दिया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे जवानों की बड़ी सफलता बताया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी जवानों के अदम्य साहस और जज्बे की सराहना की है। श्री साय ने डीआरजी के एक जवान की शहादत पर शोक जताया है।