एक दफा एक इंटरव्यू में अटल जी का ज़िक्र करते हुए हेमा जी ने बताया था कि जब वो पहली दफा अटल जी से मिली थी तो उन्हें देखकर अटल जी बहुत शरमा रहे थे। हेमा जी को बड़ी हैरत हो रही थी कि देश की राजनीति का इतना बड़ा आदमी उन्हें देखकर इतना शरमा क्यों रहा है। तब किसी ने हेमा जी को बताया था कि अटल जी आपके बहुत बड़े फैन हैं। उन्होंने आपकी फिल्म सीनीता और गीता पूरे 25 दफा देखी है। और उन्हें सीता और गीता फिल्म में आपका काम बहुत पसंद है। इत्तेफाक से सीता और गीता भी रमेश सिप्पी की ही फिल्म थी। हेमा मालिनी सालों से राजनीति में सक्रिय हैं और बीजेपी सासंद हैं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी से हेमा जी के संबंध बहुत मधुर थे।
16 अक्टूबर 1948 को हेमा जी का जन्म हुआ था। हेमा जी 77 साल की हो गई हैं। बहुत ही कम लोग इस बात से वाकिफ होंगे कि हेमा मालिनी जी को राजनीति में लाने वाले उनके को-एक्टर और बहुत अच्छे दोस्त रहे स्वर्गीय विनोद खन्ना थे। साल 1997 में जब विनोद खन्ना बीजेपी के टिकट पर पंजाब के गुरदासपुर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे तो उन्होंने हेमा जी से अपने लिए प्रचार करने गुरदासपुर आने को कहा।
शुरू में तो हेमा जी को काफी झिझक हुई। लेकिन विनोद खन्ना जी की उम्मीद को वो तोड़ना भी नहीं चाहती थी। इसलिए वो उनके प्रचार में गई। बस वहीं से हेमा जी की दिलचस्पी राजनीति में होने लगी। हेमा जी के चलते धरम जी का भी राजनीति में दिल लगने लगा। उन्होंने भी बीजेपी जॉइन कर ली और 2004 के लोकसभा चुनाव में राजस्थान की बीकानेर सीट से सांसद बने। इस वक्त हेमा जी भी बीजेपी की राज्यसभा सासंद बन चुकी थी। बाद में धरम जी का दिल राजनीति से ऊब गया। लेकिन हेमा जी आज भी राजनीति में सक्रिय हैं। वो मथुरा से बीजेपी सासंद हैं।
बीते 16 अक्टूबर को हेमा मालिनी जी का जन्मदिन था उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।


