समाचार वाचक। राजधानी में आज रेलवे सुरक्षा बल-RPF का 42वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। रेलवे वर्कशॉप मैदान में आयोजित भव्य परेड में आरपीएफ के जवानों ने अनुशासन, साहस और कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया।
समारोह में आरपीएफ की महानिदेशक सोनाली मिश्रा सहित रेलवे और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उत्कृष्ट सेवा के लिए अधिकारियों और जवानों को 3 राष्ट्रपति पुलिस पदक, 30 पुलिस पदक और एक जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया।
ये सम्मान स्वतंत्रता दिवस, 2025 तथा गणतंत्र दिवस, 2026 के अवसरों पर घोषित पदकों से संबंधित हैं। पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं जवानों ने कर्तव्य के प्रति निष्ठा, व्यावसायिक दक्षता, समर्पण और जनसेवा की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत की है। जीवन रक्षा पदक विशेष रूप से मानवीय संवेदनशीलता और संकट की स्थिति में जीवन बचाने के लिए तत्परता के महत्व को रेखांकित करता है।
इस अवसर पर महिला दस्ता, कोरास कमांडो, डॉग स्क्वॉड और सेगवे दस्ते का प्रदर्शन भी किया गया। वहीं तकनीकी प्रदर्शनी में ड्रोन निगरानी, ह्यूमनॉइड रोबोट ‘अर्जुन’ और आधुनिक डिजिटल सुरक्षा प्रणालियों की झलक देखने को मिली।


