
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और केंद्रीय टीम का ऐलान किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ से महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान
महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के साथ रूपकुमारी चौधरी की भूमिका अब राष्ट्रीय स्तर पर और महत्वपूर्ण हो गई है।
पार्टी के महिला संगठन को मजबूत करने और देशभर में महिला कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
दीपक म्हस्के बने राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक
वहीं भाजपा ने डिजिटल और सोशल मीडिया रणनीति को मजबूत करने के लिए दीपक म्हस्के को पार्टी का राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक (Social Media Convenor) नियुक्त किया है।
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह जिम्मेदारी बेहद अहम मानी जा रही है। पार्टी के डिजिटल अभियानों, सोशल मीडिया गतिविधियों और ऑनलाइन कम्युनिकेशन को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने दी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई
‘छत्तीसगढ़ के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को यह महत्वपूर्ण अवसर देना अटूट विश्वास और सम्मान की प्रखर अभिव्यक्ति’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय दायित्व मिलने पर दी बधाई, शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भाजपा की नवघोषित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ को दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ मिलने पर केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त किया है। श्री देव ने महासमुन्द सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ राज्य मेडिकल सर्विसेस कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किए जाने पर दोनों नेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं केंद्रीय नेतृत्व द्वारा छत्तीसगढ़ के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को यह महत्वपूर्ण अवसर देना प्रदेश के प्रति पार्टी के अटूट विश्वास और सम्मान की प्रखर अभिव्यक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीमती चौधरी के नेतृत्व में देशभर में महिला मोर्चा अधिक सशक्त होगा और आधी आबादी का संगठन से जुड़ाव बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन श्री म्हस्के के सांगठनिक और तकनीकी अनुभव से पार्टी का सोशल मीडिया नेटवर्क राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनेगा।


