समाचार वाचक। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भूपेंद्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भूपेंद्र नाग इससे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रदेश स्तर पर संगठन में जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। यह नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी हुई नई राष्ट्रीय टीम की सूची के तहत की गई है। जानकारी के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य के साथ -साथ प्रदेश स्तर पर संगठन में अच्छा काम करने का इनाम उन्हें मिला है। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को भाजयुमो के राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में भूपेंद्र नाग के अलावा जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बड़जेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिटल वामशी कृष्णा को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कौन है भूपेंद्र नाग ?
भूपेन्द्र नाग छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे कांकेर जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 4 मई 1991 को हुआ है। वह अनुसूचित जनजाति समूह की बल्बा जाति से आते हैं। भूपेन्द्र नाग ने बस्तर विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है। भूपेन्द्र नाग भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ के पूर्व मीडिया पैनलिस्ट भी रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीति की शुरुआत 2007 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। भूपेन्द्र नाग के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। वह अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।


