विष्णु देव साय के शपथ ग्रहण समारोह का उनके विधानसभा कुनकुरी के बस स्टैण्ड में लोगों ने सीधा प्रसारण देखा। अपने विधायक को मुख्यमंत्री के रूप मे शपथ लेते हुए देखने के लिए कुनकुरी सहित आसपास के ग्रामीण अंचल से भारी संख्या मे लोग जुटे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को देख कर उत्साहित भीड़ ने जयकारा लगाया।
विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में कुनकुरी बस स्टैण्ड में जमकर आतिशबाजी की गई। राज्यपाल ने विष्णु देव साय को जैसे ही मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण कराना शुरू किया, बस स्टैण्ड में जयकारे के साथ आतिशबाजी होने लगी लोग एक दूसरे को बधाई देते नजर आए। आतिशबाजी का यह क्रम लंबे समय तक चलता रहा। इस बीच लोगों ने मिठाईयां खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।