नार्काे-कोऑर्डिनेशन सेंटर की दसवीं शीर्ष स्तरीय बैठक को केंद्रीयमंत्री अमित शाह ने किया संबोधित
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का कारोबार देश की सुरक्षा, सामाजिक व्यवस्था, आर्थिक हितों और युवाओं के भविष्य के लिए खतरा है। उन्होंने आध्यात्मिक नेताओं, युवाओं और महिलाओं से इस अभियान में मिलकर भाग लेने की अपील की। श्री शाह ने यह बात आज नई दिल्ली में नार्काे-कोऑर्डिनेशन सेंटर यानी एन.सी.ओ.आर.डी की दसवीं शीर्ष स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही।
आज हमारा देश नारकोटिक्स के खिलाफ लड़ाई के ऐसे नाजुक मोड़ पर खड़ा है। आने वाले तीन साल तय करने वाले हैं कि नशा हम पर विजय प्राप्त करेगा या हम नशे पर विजय और मेरा आप सबसे विनम्र आग्रह है कि देश के आने वाले सौ वर्ष के भविष्य के लिए ये लड़ाई हमें जीतनी चाहिए, दृढ़ता के साथ जीतनी चाहिए और हमारे संयुक्त प्रयास से जीतनी चाहिए।
गृह मंत्री ने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की जानकारी समय पर साझा करने के लिए कई ऑनलाइन पोर्टल शुरू किए हैं। उन्होंने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों से इन पोर्टलों पर नशे से जुड़े मामलों की जानकारी तय समय सीमा के भीतर अपलोड करने को कहा।