मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का किया विमोचन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नया रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण और अधोसंरचना विकास मंडल के नवीन लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर वर्ष-दो हजार पच्चीस के आवास मेले में मकान बुक करने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के माध्यम से पुरस्कार वितरित किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगो तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को भी प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि के रूप में ढाई लाख रुपए का चेक सौंपा।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि गृह निर्माण मंडल अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने लगभग सात हजार तीन सौ अठासी संपत्तियों का विक्रय कर एक हजार पांच सौ बत्तीस करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
कार्यक्रम में आवास और पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि अब किसी भी नई आवासीय परियोजना का निर्माण तभी प्रारंभ होगा, जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित हो जाएगी, जिससे अनावश्यक निर्माण और वित्तीय जोखिम से बचा जा सके।
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने बताया कि भविष्य में मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।


