समाचार वाचक। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ कल हुई बैठक के बाद प्रदेश के जूनियर डॉक्टरों ने आज से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी है। जेडीए ने कहा है कि सात दिन की अवधि में मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा। इसके तहत डॉक्टर ब्लैक रिबन प्रोटेस्ट, कैंडल मार्च, रैली और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। संगठन का कहना है कि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए ही हड़ताल को आगे बढ़ाया गया है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर बनेगी रणनीति
जेडीए के अनुसार सात दिन की अवधि पूरी होने के बाद मांगों पर सरकार की कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। यदि अपेक्षित समाधान नहीं होता है तो जनरल बाडी की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसमें अनिश्चितकालीन हड़ताल सहित अन्य आंदोलनात्मक कदम पर भी सामूहिक निर्णय लिया जा सकता है।


