
समाचार वाचक। राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में किशोर दा के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी गई। लाइव बैंड की सुमधुर धुनों पर किशोर कुमार द्वारा गाए मशहूर हिंदी और बंगला गीतों ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। संगीत संस्था ‘स्वरांजलि संगीत’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शीर्षक ‘जीवन के हर मोड़ पे – हमारे किशोर दा’ रखा गया था। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न वाद्य यंत्रों पर किशोर दा के मशहूर गानों की सुरीली प्रस्तुति के साथ हुई। उसके बाद शहर के कुछ चुनिंदा गायकों द्वारा किशोर दा के गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस दौरान सुमधुर गीतों के साथ ही किशोर दा के जीवन के रोचक संस्मरण भी श्रोताओं के साझा किए गए। किशोर कुमार की ज़िंदगी और संगीतमय सफर से जुड़े दिलचस्प किस्सों ने इस शाम को और यादगार बना दिया।
संस्था के संस्थापक सदस्य ललित सिन्हा एवं सागरिका सिन्हा ने बताया कि संस्था की ओर से समय-समय पर इस तरह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और आगे भी ये सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। संस्थापक ललित सिन्हा ने इस सफल आयोजन के लिए रायपुर के सभी संगीत प्रेमियों का आभार जताया है।
कार्यक्रम का संचालन सोमित घोष ने किया, वहीं संस्थापक सदस्य राजा घोष और शरत परमानिक ने भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


